views
- प्रदेश सरकार पर बरसे केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर जम कर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से की गई किसी भी तरह की घोषणा अभी तक अमलीजामा नहीं पहन सकी है। वहीं उन्होंने नए जिले व संभाग की घोषणा को चुनावी झुमला बताते हुए गहलोत सरकार को चुनावी घोषणा वीर सरकार बताया।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़ दुर्ग पर जौहर मेले में भाग लेने के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचे। समारोह में जाने से पूर्व सर्किट हाउस में शेखावत ने मिडिया से बात करते हुवे प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बनने की चाह में राजस्थान के दो टुकड़े करने में भी पीछे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुर्सी से चिपके रहने के मोह के चलते पिछले साढे चार सालों में प्रदेश को उन्होंने बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। लेकिन अब उस बर्बादी के ताबूत में अंतिम कील ठोकने का समय आ गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सदन के पटल पर की गई थोती घोषणाओं का जवाब सरकार के पास भी नहीं है और उन्हीं के पार्टी के मंत्री और कार्यकर्ता उनसे घोषणाओं के बारे में अब सवाल जवाब भी करने लगे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कर्ज माफी से लेकर जिले बनाने तक की सारी घोषणाओं का अगर प्रतिशत देखा जाए तो 10 प्रतिशत भी योजनाओं को अभी तक अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। इसके चलते अब प्रदेश की आम जनता लोक-लुभावने वायदे कर के वायदों को तोड़ने वाली सरकार को उखाड़ फेंकने के इरादे से ही मतदान करने पर उतारू है। इस पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या आदि मौजूद रहे।
धरातल पर प्रदेश की कानून व्यवस्था
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि वर्तमान में कानून व्यवस्था पूरे प्रदेश में धरातल पर आ गई है। बार-बार महिलाओं का अपमान हुआ है और जिस तरह से सरकार ने असंवेदनशीलता दिखाई है वह शर्मनाक है। वहीं उन्होंने सरकार पर अलग-अलग तरह के माफियाओं जिसमे शराब माफिया, बजरी माफिया और खनिज माफिया और सहित अन्य माफियाओं को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान बनाने सहित कई अन्य आरोप भी लगाए।
प्रधानमंत्री के चेहरे पर लड़ेंगे चुनाव
केंद्रीय मंत्री ने भाजपा में चल रही मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर खींचतान के प्रश्न पर कहा कि जब भाजपा के पास 130 करोड़ लोगों के दिल में बसने वाला नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह है तो उन्हें किसी भी चेहरे को बताने की आवश्यकता नहीं है। शीर्ष नेतृत्व ही भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा करेगा।