views

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। शहर के निकट स्थित झांतलामाताजी धार्मिक स्थल पर दर्शनार्थ आई एक महिला श्रद्धालु के गले से करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चेन काट ली गई। इस संबंध में महिला के पुत्र की ओर से पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है। मंदिर में लगे सीसी टीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें 4 महिलाएं व दो युवकों के इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। अब चंदेरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी में सामने आया कि चित्तौड़गढ़ शहर के गांधीनगर निवासी कैलाशचंद्र सोनी रविवार को अपनी पत्नी सरोजदेवी के साथ चंदेरिया थाना क्षेत्र में आने वाले झांतला माताजी तीर्थ स्थल पर गए थे। यहां पर मंदिर में दर्शन के लिए उन्होंने प्रवेश किया था। इस दौरान मंदिर में पहले से ही 4 महिलाएं व दो युवक बैठे थे। सरोज देवी के मंदिर में प्रवेश करने के बाद दर्शन करने के दौरान 4 महिलाएं व दोनों युवक खड़े हुए तथा इन्हें घेर लिया। एक महिला ने घूंघट निकाला हुआ था, जिसने सरोज देवी के कंधे पर हाथ रखा और चेन काटने का प्रयास किया। पहली बार में चेन आरोपियों के हाथ में नहीं लगी। बाद में पुनः प्रयास किया। महिला के गले
से चेन जब तक नहीं कट गई तब तक आरोपियों ने सरोज देवी को अपने घेरे से बाहर भी नहीं निकलने दिया। चेन काटने के बाद आरोपी तत्काल मंदिर से बाहर निकल गए। इसके करीब 1 मिनट बाद सरोज देवी को पता चला कि उसके गले में पहनी डेढ़ तौला वजनी सोने की चेन नहीं है तो उसने अपने पति को अवगत कराया। बाद में आस-पास के लोगों को भी बताया गया। मंदिर में दर्शन के दौरान मिली 4 महिलाओं व दो युवकों पर शंका हुई। मंदिर से बाहर निकल कर इनकी तलाश की लेकिन कहीं भी पता नहीं चल पाया। ऐसे में चंदेरिया थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई। चंदेरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें 4 महिलाएं व 2 युवक वारदात को अंजाम करते दिखाई दिए। इस संबंध में कैलाशचंद्र सोनी के पुत्र अजय सोनी ने चंदेरिया पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसी टीवी फुटेज में दिखे संदिग्धों की तलाश की जा रही है।