views

सीधा सवाल। कनेरा। घाटा क्षेत्र में राजस्थान से मध्यप्रदेश तक जाने वाली हाईटेंशन विद्युत लाइन परियोजना के तहत किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय बांगेड़ा घाटा, बडावली, कनेरा, लूणखंदा और पीलखेड़ी क्षेत्र में किसानों की भूमि का अधिग्रहण मुआवजा दिए बिना किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परियोजना के कर्मचारियों द्वारा किसानों के खेतों में गड्ढे खोदने के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। यह प्रक्रिया किसानों की अनुमति के बिना और उचित मुआवजा राशि के अभाव में की जा रही है, जिससे किसानों की खड़ी फसलें नष्ट हो रही हैं। किसान ने बताया कि उनकी करीब दस आरी भूमि पर खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी सूचना और मुआवजा राशि दिए, उनकी भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि उन्हें तुरंत उनकी जमीन और फसलों का उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।