714
views
views
अब होगी कार्यकर्ताओं की पूछ परख, कार्यकर्ता नहीं हो निराश
सीधा सवाल। बेगूं। जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उदयपुर संभाग स्तरीय बैठक में चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों से अपने अपने क्षेत्र का फीडबैक लिया। इस दौरान मंडल अध्यक्षों ने अपनी अपनी समस्याओं से भी मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष को अवगत करवाया, जहां मुख्यमंत्री द्वारा मंडल अध्यक्षों को समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया। जानकारी के अनुसार 26 नवम्बर बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर में मुख्यमंत्री निवास पर मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों की बैठक लेकर अपने-अपने क्षेत्र का फीडबैक लिया। बताया गया कि उदयपुर संभाग स्तर पर हुई उक्त बैठक में चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी के नेतृत्व में चित्तौड़गढ़ जिले के सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। बेगूं विधानसभा से बेगूं नगर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट विदुषी जयदीप बिल्लू, चैची मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़, कमांड मंडल अध्यक्ष राकेश पितलिया, नंदवाई मंडल अध्यक्ष पप्पू धाकड़ के साथ ही रावतभाटा, गंगरार, भैंसरोड़गढ़, कुंडाल सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे, वहीं जिले के भाजपा नेताओं में से पूर्व जिला अध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह रूद, कमलेश पुरोहित, अनिल सिसोदिया उपस्थित थे। मंडल अध्यक्षों ने अपने अपने क्षेत्र की समस्याएं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष रखी, तथा क्षेत्र का फीडबैक दिया, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्ण आश्वासन दिया गया कि शीघ्र कार्यकर्ताओं को राहत प्रदान की जाएगी।