420
views
views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) में 22 से 27 दिसंबर 2025 तक ढोंगा ग्राउंड एवं अमर शहीद नारायण दास खरे (गंजिखाना) हॉकी ग्राउंड में 69वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से आए होनहार खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना से दर्शकों का मन मोह लिया।
सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की अंडर-14 बालक हॉकी टीम ने भी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सशक्त सहभागिता निभा रही है। स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के कुशल मार्गदर्शन में टीम का चयन किया गया, जिसमें विद्यालय के सात प्रतिभाशाली कैडेट्स चयनित होकर स्कूल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीम ने उत्कृष्ट उत्साह, अनुशासन, सामूहिक समन्वय एवं उच्च स्तरीय खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासित खेल शैली ने विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को और सुदृढ़ किया है।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबू लाल शिवरान ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं, जिससे यह आयोजन उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त और प्रेरणादायी मंच बनकर उभरा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को न केवल प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त हो रहा है, बल्कि भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आत्मविश्वास भी विकसित हो रहा है। विद्यालय के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा आगामी मुकाबलों में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।