views
सीधा सवाल। राशमी। थाना क्षेत्र के चटावटी गांव में गत 22 नवंबर को हुई मारपीट की घटना के संबंध में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। आरोपी की रिमांड अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया। यह घटना गिरोह बनाकर ग्रामीणों के साथ मारपीट करने से जुड़ी है। थानाधिकारी सीआई रतन सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन चटावटी निवासी मुकेश पुत्र किशन लाल वैष्णव कुछ ग्रामीणों के साथ एक मकान में बैठे थे। इसी दौरान कपासन थाना क्षेत्र के तुर्किया कला निवासी हेमराज सोनी, बबलू पिंजरा और तुर्किया खुर्द निवासी नारायण लाल जाट अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने मिलकर ग्रामीणों के साथ मारपीट की। इस मामले में मुकेश वैष्णव की रिपोर्ट पर थाने में मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक अंबालाल गुर्जर ने मारपीट की इस घटना में शामिल कपासन थाना क्षेत्र के तुर्किया खुर्द निवासी बबलू पुत्र मिट्ठू खां मंसूरी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। आरोपी की डिमांड अवधि समाप्त होने पर न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।