views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की कार्रवाई लगातार जारी है। उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय, कोटा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में 106 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। चित्तौड़गढ़-2 डिवीजन की टीम ने 16 फरवरी को अर्नोदा माली–निम्बाहेड़ा रोड पर एक टाटा टियागो कार को रुकवाकर तलाशी ली। टीम को पहले से विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 15 फरवरी को निगरानी शुरू की गई थी।
अरनिया माली गांव के पास पानी वाले पुल के निकट कार को रोका गया। कार में सवार दो व्यक्तियों में से एक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को टीम ने पकड़ लिया। तलाशी में कार से 96.680 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। जब्त डोडा चूरा और वाहन को एनडीपीएस एक्ट के तहत सीज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।18 फरवरी को चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने जिला नीमच के जावद गांव में एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 5.950 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध ने बेहोशी का नाटक कर जब्ती प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की। विधिक कार्रवाई पूरी कर अफीम को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किया गया। संदिग्ध को उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में जांच जारी है। 19 फरवरी को जयपुर सेल की टीम ने उदयपुर–चित्तौड़गढ़ हाईवे की सर्विस लेन पर चामुंडा राठा जी हिमाचल पंजाब होटल के पास एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। तलाशी में बाइक से जुड़े बैग में रखे तीन पॉलीथीन बैगों से 3.687 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। टीम ने अफीम और मोटरसाइकिल को NDPS एक्ट के तहत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में विस्तृत जांच की जा रही है।