views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। जिले का कनेरा थाना क्षेत्र में आने वाले गुंदारेल गांव में शनिवार रात को पुलिस की जीप पर पथराव हो गया। तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर दबिश देने गई थी। वहां कुछ मिला नहीं। लेकिन रात के अंधेरे में पुलिस जीप पर अज्ञात ग्रामीणों पथराव कर दिया था। इनमें से तीन जनों को पुलिस ने नामजद किया है, वहीं अन्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कनेरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में आने वाले गुंदारेल गांव में मादक पदार्थों की तस्करी हो सकती है। इस सूचना पर एएसआई महेंद्र कुमार मय जाब्ते के गुंदारेल गांव पहुंचे। यहां पुलिस को कुछ भी नहीं मिला। लेकिन रात के अंधेरे में कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें किसी को भी चोट नहीं लगी। लेकिन पुलिस जीप को नुकसान पहुंचा। थानाधिकारी महेंद्रसिंह ने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने राज कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इस संबंध में राहुल बंजारा सहित अन्य को नामजद किया है। वहीं अन्य के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।