126
views
views
सीधा सवाल। बेगूं। उपखंड क्षेत्र में नंदवाई क्षेत्र के समीपवर्ती नरसिंहपुरा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए बिजली के ट्रांसफार्मर पर हाथ साफ कर दिया। चोर न केवल ट्रांसफार्मर के कीमती उपकरण ले गए, बल्कि पूरा का पूरा ट्रांसफार्मर ही टैंपो में लादकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद से पूरे गांव मे बिजली गुल हो गई। जानकारी के अनुसार बेगूं उपखंड क्षेत्र में नंदवाई क्षेत्र के समीपवर्ती नरसिंहपुरा गांव में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि में अज्ञात चोरों ने गांव के बाहर माता जी के मंदिर के पास स्थापित बिजली के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। इस वारदात को तब अंजाम दिया गया जब ग्रामीण गहरी नींद में थे, तब चोर अपने साथ एक टैंपो लेकर आए और बड़ी ही चतुराई से खंभे पर लगा भारी भरकम ट्रांसफार्मर नीचे उतारकर शातिर चोर पूरे ट्रांसफार्मर को टैंपो में भरकर ले गए। ग्रामीणों को वारदात की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई, जब घरों में बिजली नहीं आई और बिजली गुल मिली। जब ग्रामीण ट्रांसफार्मर वाले स्थान पर पहुंचे, तो वहां से ट्रांसफार्मर गायब देख उनके होश उड़ गए। मौके पर केवल टूटे हुए तार और खाली खंभे ही शेष बचे थे। ट्रांसफार्मर चोरी होने से पूरे नरसिंहपुरा गांव की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भारी मशीनरी को वाहन में भरकर ले जाने में भी नहीं हिचकिचा रहे।