609
views
views
ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत डीएसटी व बेगूं थाना पुलिस की बड़ी कार्यवाही
सीधा सवाल। बेगूं। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत डीएसटी एवं बेगूं थाना पुलिस द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए वाणिज्यिक मात्रा में डोडाचूरा खरीदने की तैयारी से आए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो कारें एवं ₹1 लाख 99 हजार की नगद राशि जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ कर तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही हेतु समस्त थानाधिकारियों एवं जिला विशेष टीम को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिंगड़ के निर्देशन, डीएसपी बेगूं अंजलिसिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी बेगूं कमलचन्द्र मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। डीएसटी टीम के हैड कांस्टेबल प्रमोद मय टीम से प्राप्त सूचना के आधार पर थाने के एएसआई लेखराज, कांस्टेबल धर्मेन्द्र, जगदीप व रतनसिंह द्वारा ठुकराई में स्कूल तिराहे से पहले तारापीपली जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान दो कारों में सवार व्यक्तियों ने जोगणिया माता मंदिर दर्शन का बहाना बनाया, किन्तु पूछताछ एवं जांच में सामने आया कि आरोपी डोडाचूरा की वाणिज्यिक मात्रा खरीदने की पूर्ण तैयारी के साथ स्थानीय व्यक्तियों से मोबाइल पर संपर्क कर मौके पर पहुंचे थे। उनके पास लाखों रुपये की नगदी भी थी, जिससे मादक पदार्थ की खरीद की जानी थी। प्रथम दृष्टया अपराध धारा 8/28, 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत पाया जाने पर सभी 8 आरोपियों दीपचन्द पिता बीरबलराम जाट उम्र 29 वर्ष, निवासी खारिया थाना रतनगढ़ जिला चूरू, करतार चौधरी पिता हनुमान चौधरी उम्र 30 वर्ष, निवासी सांदोलिया थाना अराई जिला अजमेर, विक्रमसिंह पिता रघुनाथ सिंह राजपूत, उम्र 40 वर्ष, निवासी सांदोलिया थाना अराई जिला अजमेर, महेन्द्र पिता नारायणलाल जाट, उम्र 21 वर्ष, निवासी सराणा थाना गांधीनगर जिला अजमेर, कृष्णकांत सोनी पिता नोरतमल सोनी,उम्र 21 वर्ष, निवासी भांकरोटा, जयसिंहपुरा थाना भांकरोटा जिला जयपुर पश्चिम, महेन्द्र पिता रामदयाल जाट, उम्र 19 वर्ष, निवासी कटसुरा थाना अराई जिला अजमेर, राहुल पिता उमराव जाट, उम्र 19 वर्ष, निवासी डींडवाड़ा थाना किशनगढ़ जिला अजमेर, मनीष जाट पिता जगदीश, उम्र 19 वर्ष, निवासी कटसुरा थाना अराई जिला अजमेर को गिरफ्तार किया गया और आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 99 हजार रुपए नगद राशि जब्त कर दोनों कारों को भी जब्त किया गया। इधर बेगूं पुलिस थाने पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है। मामले में अन्य संभावित तस्करों एवं सप्लायर नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत अपराधियों पर निरंतर प्रभावी प्रहार किया जा रहा है।