views
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। ग्रामीण महिला स्वरोजगार संस्थान द्वारा कौशल महिला अभियान के तहत गोमाना रोड स्थित विद्या निकेतन स्कूल के सामने नए ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। संस्थान की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 40 बालिकाओं ने आवेदन कर हिस्सा लिया। चयनित प्रतिभागियों को संस्थान द्वारा ब्यूटी पार्लर किट भी वितरित की गई, ताकि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे स्वयं का रोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण केंद्र पर 30 दिवसीय ब्यूटी पार्लर कोर्स संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण का जिम्मा प्रशिक्षिका अल्का रजक को सौंपा गया है, जो प्रतिभागियों को ब्यूटी एवं पार्लर कार्य से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी और कौशल सिखाएंगी।
कार्यक्रम में मौजूद संस्थान के राज्य समन्वयक अधिकारी दिनेश प्रजापति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और बेटियों को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना संस्थान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बालिकाओं को स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
वहीं प्रवेश सलाहकार रुकसाना मंसूरी सहित क्षेत्र के समाजसेवी, आंगनवाड़ी सहायिकाएं और स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।