views
कहा- बढ़ती आबादी, नई कॉलोनियों और औद्योगिक विस्तार के बीच मौजूदा संसाधन अपर्याप्त; पुराने वाहनों से आपदा प्रबंधन प्रभावित होने की आशंका
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। शहर में बढ़ती आबादी, नई कॉलोनियों के विस्तार और औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि के बीच अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठी है। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने मुख्यमंत्री और स्वायत्त शासन मंत्री को पत्र लिखकर नगर परिषद के लिए 5 नए अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान में नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में दो फायर स्टेशन संचालित हैं, जहां कुल 5 अग्निशमन वाहन उपलब्ध हैं। हालांकि इनमें से अधिकांश वाहन वर्ष 2012 से पहले खरीदे गए थे, जो अब पुराने होकर जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि पुराने वाहनों के कारण मरम्मत और रखरखाव पर अधिक खर्च हो रहा है। वहीं आपात स्थिति में इन वाहनों की धीमी गति और तकनीकी खराबी अग्निशमन कार्यों में बाधा बन सकती है। इससे समय पर राहत और बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
विधायक आक्या ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को अवगत कराया कि पिछले कुछ वर्षों में चित्तौड़गढ़ में नई आवासीय कॉलोनियों का विस्तार हुआ है। साथ ही औद्योगिक इकाइयों की संख्या भी लगातार बढ़ी है, जिससे आगजनी जैसी घटनाओं की संभावनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में मौजूदा संसाधन पर्याप्त नहीं माने जा सकते।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जन-धन की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन को मजबूत करने और प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नए वाहनों की आवश्यकता है। इसी को देखते हुए नगर परिषद को 5 नए अग्निशमन वाहनों की स्वीकृति देने का आग्रह किया गया है।