420
views
views
रितेश लखारा/बाड़मेर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित, सुगम एवं मरीज हितैषी बनाने की दिशा में आज राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय, बाड़मेर में “एएनसी क्लीनिक” (गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच क्लीनिक) का शुभारंभ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य भवन में किया गया।पूर्व में गर्भवती महिलाओं की जांच सामान्य प्रसूति एवं स्त्री रोग ओपीडी में की जाती थी, जहां अत्यधिक भीड़ होने के कारण गर्भवती महिलाओं को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। साथ ही जांच एवं सैंपल कलेक्शन के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे मरीजों को अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ता था।अब नव प्रारंभ किए गए एएनसी क्लीनिक में केवल गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी। यहां जांच, सैंपल कलेक्शन, रिपोर्ट वितरण एवं फॉलोअप की समस्त सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे गर्भवती महिलाओं को इधर-उधर जाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा उन्हें अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं समयबद्ध सेवाएं प्राप्त होंगी।इस नई व्यवस्था के अंतर्गत सामान्य स्त्री एवं प्रसूति रोग ओपीडी में अन्य महिला रोगियों की जांच पूर्ववत जारी रहेगी, जबकि एएनसी क्लीनिक में उस यूनिट के चिकित्सक सेवाएं देंगे जिनकी उस दिन ओपीडी निर्धारित नहीं होगी। इससे ओपीडी में भीड़ नियंत्रण, बेहतर मरीज प्रबंधन एवं गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर, अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी, विभागाध्यक्ष प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग डॉ. कमल वर्मा, डॉ खेताराम सोनी, डॉ आयशा, डॉ सीमा मित्तल, नर्सिंग अधीक्षक श्री राजेंद्र सिंह कड़वासरा सहित समस्त स्त्री रोग विशेषज्ञ, चिकित्सकगण, नर्सिंग अधिकारी एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।अस्पताल प्रशासन द्वारा बताया गया कि यह पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं मरीज केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।