views
जालौर।वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का शुभारंभ सोमवार को आदर्श अमृत सरोवर, बागोड़ा पर आयोजित श्रमदान तथा दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम के साथ जिले भर में किया गया। अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री के. के. विश्नोई के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। जिसमें प्रभारी मंत्री के. के. विश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरगामी सोच के फलस्वरूप गंगा दशमी के शुभ अवसर पर आज गत वर्ष की भांति वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान की शुरूआत की गई हैं। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम ही नहीं बल्कि भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत संकल्प है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘हरियालों राजस्थान’ के तहत जिले भर इस वर्ष में 19 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस दौरान उपस्थित जन समूह को जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि ‘‘जल है तो कल है, यही मेरा संकल्प है।’’ इस मूल मंत्र को संकल्प रूप में अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने पानी बचाने का संकल्प दिलाते हुए सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने बागोड़ा स्थित खेतलाजी तालाब पर पीपल का पौधा रोप पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के गावंडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, उप वन संरक्षक जयदेवसिंह चारण, जल संसाधन विभाग के एसई विजय बालेसा, तहसीलदार रामलाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।