views
मंत्री दक ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का दिया संदेश
सीधा सवाल। चिकारड़ा। बावरी समाज शिक्षा सेवा संस्थान, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में ग्राम संगेसरा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह 2025-26 में समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, अभिभावक, युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक रहे। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में मंत्री दक ने शिक्षा के महत्व, सामाजिक जागरूकता तथा युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का गौरवगान नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज को शिक्षा, उत्कृष्टता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह में सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के संस्कार, शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण में परिवार की भूमिका सबसे अहम होती है। समाज तभी प्रगतिशील बन सकता है जब शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक एकता को भी समान महत्व दिया जाए।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं आयोजकों ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में समाज की एकता, शैक्षणिक उन्नति और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
अंत में सहकारिता मंत्री गौतम दक ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता ही विकसित एवं सशक्त समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं।" समारोह का समापन समाज के उत्थान और शिक्षा के प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।