views

सीधा सवाल। चितौड़गढ़। जिले में गुरुवार को दिन दहाड़े लूट की वारदात हुई है। अन्य महिलाओं के साथ बस का इंतजार कर रही एक महिला की नथ बाइक सवार अज्ञात बदमाश लूट कर ले गए। कपासन हाईवे पर चंदेरिया थाना क्षेत्र में स्थित खान चौराहे के यहां पर लूट की वारदात हुई। इसकी सूचना चंदेरिया थाना पुलिस को दी गई। हंगामे की आवाज सुन कर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी लेकर बदमाशों का पीछा किया लेकिन उनका कहीं भी पता नहीं चल पाया। अब चंदेरिया थाना पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी में सामने आया कि सेमलिया निवासी गीताबाई पत्नी भंवरलाल अहीर का पीहर रामाखेड़ा गांव में है। चार-पांच दिन से गीताबाई अपने पीहर आई हुई थी। वही रिश्तेदारी में इन्हें गुरुवार को मरमी गांव जाना था। ऐसे में रामाखेड़ा गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर चित्तौड़गढ़- कपासन हाईवे स्थित चौराहे पर यह पांच-सात अन्य महिलाओं के साथ पहुंची थी। यह सभी एक पेड़ के नीचे बैठ कर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ की तरफ से एक बाइक पर दो युवक सवार थे। बाइक चालक ने बाइक को कुछ दूरी पर खड़ा किया। बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे और महिलाओं के पास आया। दूसरे युवक ने बाइक को स्टार्ट ही रखा था। इस युवक ने अचानक गीताबाई के नाक में पहनी नथ छीन ली। अचानक हुई घटना से महिलाएं सकते में आ गई और चिल्लाई। इनकी आवाज सुन कर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी भाग गए। बाद में लोगों ने इनका पीछा किया लेकिन कहीं भी पता नहीं चल पाया। इसकी सूचना चंदेरिया थाना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के भतीजे देवीलाल अहीर ने बताया कि अज्ञात बदमाश करीब एक तौला वजनी सोने की नथ लूट कर ले गए। मुख्य मार्ग पर आस पास कहीं सीसी टीवी कैमरे भी लगे हुवे नहीं थे। वारदात की शिकायत चंदेरिया थाना पुलिस को दी है।