views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। शहर के थाना क्षेत्र में आने वाले रावला चौक सेंती में स्थित एक मकान में मंगलवार सुबह अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग से घर में रखा सारा सामान जल गया और लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक रूप से यह सामने आया है कि महिला दीपक जला कर मंदिर दर्शन करने गई थी और पीछे से आग लग गई थी। आग की सूचना पर नगर परिषद की दमकल को मौके पर बुलाया और आग पर काबू पाया। लेकिन घर में रखा सारा सामान जल गया।
जानकारी में सामने आया कि चित्तौड़गढ़ शहर के रावला चौक सेंती में रामजस बाई पत्नी ठाकरेजी का मकान है। मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे घर पर पूजा कर रामजस बाई मंदिर दर्शन करने गई थी। इस दौरान घर में कोई नहीं था। पीछे से अज्ञात कारणों के चलते मकान में आग लग गई। इसके मकान का कुछ हिस्सा केलूपोश और पक्का भी बताया गया है। मकान से धुआं उठता देख आस-पड़ोस के लोगों को आग का पता चला। इस पर दमकल को बुलाया। मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। रामजस भाई भी घर पहुंची तो अपना सब कुछ जलता देख आंखों से आंसू निकल आए। लोगों की सूचना के बाद नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची। तब तक आग में सब कुछ जल कर नष्ट हो गया। बताया गया कि मकान में कपड़े, अनाज, बिस्तर टीवी, फ्रिज, कुछ नकदी सहित अन्य सामग्री जल कर नष्ट हो गई। आग की जानकारी मिलने पर इसके रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे और रामजस बाई को सांत्वना दी। क्षेत्रवासी महेंद्र ने बताया कि धुंवा देख कर मौके पर आए तो मकान बंद था। तला तोड़ कर मकान में गए और आग बुझाने का प्रयास किया। आग से सब कुछ जल गया। नाम मात्र रहने की जगह है और खाने को कुछ नहीं है।