views

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। राजस्थान विधानसभा में भाजपा सरकार के एक मंत्री द्वारा भारत रत्न स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी किए जाने और इसके विरोध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा आपत्ति दर्ज कराने के बाद डोटासरा समेत छह विधायकों के निलंबन के खिलाफ कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव किया। प्रदर्शन में चित्तौड़गढ़ जिले से भी कई कांग्रेस नेता शामिल हुए। जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जयपुर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में डेयरी चेयरमैन एवं बड़ीसादड़ी के विधायक प्रत्याशी बद्रीलाल जगपुरा, जिला कांग्रेस के संगठन महासचिव महेंद्र शर्मा, निम्बाहेड़ा से रविप्रकाश सोनी, यशवंत आंजना सहित कई नेता मौजूद रहे। जिला प्रवक्ता हर्षवर्धन सिंह गाडन ने बताया कि जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को सदन में उठाने वाले विधायकों को निलंबित करना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है।
डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जगपुरा ने कहा कि जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तक को निलंबित किया जा सकता है, तो आम जनता अपनी बात सरकार तक कैसे पहुंचा पाएगी? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह रवैया जारी रहा, तो कांग्रेस प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उग्र आंदोलन करेगी।
जिला संगठन महासचिव महेंद्र शर्मा ने मंत्री की टिप्पणी को ओछी मानसिकता करार देते हुए कहा कि उन्हें तत्काल माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश को नई दिशा दी और अपने जीवन का बलिदान दिया। इस प्रकार की टिप्पणियां केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए की जाती हैं। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित छह विधायकों का निलंबन तुरंत वापस लिया जाए और संबंधित मंत्री जनता से माफी मांगे।