views
विधायक श्रीचंद कृपलानी करेंगे मेले का शुभारंभ
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। नगरपालिका प्रशासन की ओर से प्रतिवर्ष होली पर्व पर आयोजित किए जाने वाले पारंपरिक मेले की निरंतरता में इस वर्ष 28 फरवरी से 7 मार्च तक महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार प्रशासन ने वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए सीमित बजट में ही भव्य आयोजन करने का निर्णय लिया है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने बताया कि नगरपालिका द्वारा पूर्व वर्षों में मेले पर औसतन 85 लाख रुपए तक का बजट रखा जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष संसाधनों के संतुलित उपयोग और खर्चों में संयम बरतते हुए लगभग 50 लाख रुपए के भीतर ही पूरे मेले का आयोजन करने की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रशासन का कहना है कि कम बजट के बावजूद आयोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा और सांस्कृतिक गरिमा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने बताया कि आयोजन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ प्रस्ताव एवं निविदा आमंत्रित कर संपन्न की गई है। 28 फरवरी को प्रातः रुद्राभिषेक एवं सायं सुंदरकांड पाठ के साथ मेले का शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह में विधायक श्रीचंद कृपलानी, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत तथा एसडीएम यतीन्द्र पोरवाल उपस्थित रहेंगे।
मेले में ये होंगे आयोजन
नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित महाशिवरात्रि मेले के दौरान राजस्थानी ऑर्केस्ट्रा, भजन संध्या तथा बॉलीवुड ऑर्केस्ट्रा का आयोजन होगा। 5 मार्च को राजस्थानी ऑर्केस्ट्रा का आयोजन होगा, जिसमें राखी रंगीली, कोमल (इंस्टाग्राम फेम), पिंकी कोटा और समीर लाडला राजस्थानी गीतों पर प्रस्तुतियां देंगे। 6 मार्च को भजन संध्या में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक भगवत सुथार एवं भजन गायिका आकृति मिश्रा भक्ति रस की छटा बिखेरेंगे। 7 मार्च को बॉलीवुड ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में ‘वॉन्टेड’ फिल्म फेम अभिनेत्री महक चहल मुख्य आकर्षण रहेंगी। उनके साथ टीवी कलाकार मोनिका भदौरिया (तारक मेहता का उल्टा चश्मा), सुमन गुप्ता (बालवीर) एवं गरिमा दीक्षित सहित सिंगर सतवन्त बादशाह और आयुषी देशमुख एवं विभिन्न ख्यातनाम परफॉर्मर्स शिरकत करेंगे। मंच पर एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें भक्ति रस से लेकर राजस्थानी लोक रंग और बॉलीवुड की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी।
झूले-चकरी लगने शुरू, दुकानदारों को अस्थायी प्लॉट आवंटन प्रारंभ
जेईएन संदीप भावसार ने बताया कि नगरपालिका प्रशासन ने मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मेला स्थल पर झूले, चकरी और अन्य मनोरंजन साधनों की स्थापना का कार्य प्रारंभ हो चुका है। साथ ही विभिन्न व्यापारियों और दुकानदारों को अस्थायी प्लॉटों का आवंटन भी चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से प्लॉट चिन्हांकन कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि मेले के दौरान व्यापारियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।