views
सीधा सवाल। निंबाहेड़ा। लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज तापमान के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने की पहल देखने को मिली। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय निंबाहेड़ा में रविवार को समाज सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसके तहत विद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए परिण्डे बांधकर पानी की व्यवस्था की गई। जानकारी के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए यह पहल की। शिविर के दौरान पक्षियों के लिए विभिन्न स्थानों पर परिण्डे लगाए गए ताकि भीषण गर्मी में उन्हें पानी मिल सके और राहत मिल पाए। आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे इंसानों के साथ-साथ पक्षियों और अन्य जीवों पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में छोटी-छोटी पहलें जीवों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। शिविर में शामिल विद्यार्थियों को भी जीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से गर्मी के मौसम में अपने घरों और आसपास भी पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील की।विद्यालय परिसर में लगाए गए परिण्डों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी तय की गई है, ताकि गर्मी के पूरे मौसम में पक्षियों को राहत मिलती रहे। इस दौरान विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि भीषण गर्मी के दौर में इंसानों के साथ बेजुबान पक्षियों की चिंता करना भी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।