views
कलेक्टर ने लोकतंत्र प्रहरियों को किया सम्मानित
सीधा सवाल। कपासन। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 में कपासन विधानसभा ने बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रदेश में सबसे पहले सौ प्रतिशत कार्य पूर्ण किया। इस उपलब्धि पर सोमवार को एसआर वाटिका में सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जिसमें सुपरवाइजरों और बीएलओ को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से आयोजित इस समारोह में उन लोकतंत्र प्रहरियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने ऑनलाइन मैपिंग सहित सभी कार्य समय पर पूरा कर विधानसभा को जिले और राज्य में प्रथम स्थान दिलाया।
कार्यक्रम में कलेक्टर आलोक रंजन मुख्य अतिथि और उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका अध्यक्ष रहे। कलेक्टर रंजन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 सुपरवाइजरों और 308 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर रंजन ने कहा कि कपासन विधानसभा के लोकतंत्र प्रहरियों ने टीमवर्क और निष्ठा के साथ कार्य कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आगामी चरणों में भी इसी उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए।
समारोह में राशमी उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा, भूपालसागर उपखंड अधिकारी महेश कुमार, तहसीलदार मोहम्मद नासिर बेग मिर्जा, राशमी तहसीलदार वेनी प्रसाद सरगरा, भूपालसागर तहसीलदार अपूर्व गोतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अश्विन कुमार व्यास और उज्ज्वल दाधीच ने किया।