357
views
views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ के तत्वाधान में स्काउट गाइड प्रशिक्षण केंद्र बेडेन पॉवेल पार्क, चित्तौड़गढ़ स्थित परिसर में 12 से 18 फरवरी तक आयोजित बीएसटीसी छात्रा अध्यापिका गाइड ग्रुप प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत प्रतिभागियों को नियमित स्काउट-गाइड प्रशिक्षण के साथ साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सुरक्षा विषयक विशेष जागरूकता सत्र प्रदान किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान सरकार एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात एएसआई श्याम गुर्जर, महिला कांस्टेबल लीला, गायत्री एवं बीना ने छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।
सत्र में दी गई प्रमुख जानकारियाँ
राजकोप ऐप की उपयोगिता समझाकर छात्राओं से ऐप डाउनलोड करवाया गया। साइबर ठगी के प्रकार, बचाव एवं घटना होने पर की जाने वाली कार्यवाही बताई गई। यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाया गया। आत्मरक्षा प्रशिक्षण की मूल जानकारी दी गई।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं से संबंधित नवीन कानूनों की जानकारी दी गई। गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में बताया गया। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत प्रक्रिया समझाई गई।
इस अवसर पर सी.ओ. स्काउट चन्द्र शंकर श्रीवास्तव, शिविर संचालक चतर सिंह राजपूत, स्काउटर सत्य नारायण सोमानी, अखिलेश श्रीवास्तव, कैलाश चन्द्र अहीर, रोवर पवन माली, रेंजर नेहा धाकड़ सहित प्रशिक्षक दल एवं प्रतिभागी छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आत्मरक्षा, डिजिटल सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।