315
views
views
भाजपा विधायक दल की बैठक में कृपलानी की मुख्यमंत्री ने की सराहना
सीधा सवाल। निम्बाहेड़ा।
प्रदेश की राजधानी में आयोजित भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान सक्रियता और उपस्थिति को लेकर चर्चा हुई। बैठक में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी को सदन में सर्वाधिक अटेंडेंस दर्ज कराने पर विशेष रूप से सराहा गया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक में कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि की नियमित उपस्थिति उसकी जवाबदेही और प्रतिबद्धता का प्रतीक होती है। उन्होंने कृपलानी की निरंतर उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य विधायकों के लिए प्रेरणादायक बताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हालिया विधानसभा सत्र के दौरान कृपलानी ने लगभग प्रत्येक कार्यदिवस में भाग लेकर क्षेत्र की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रभावी रूप से सदन में उठाया। उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें बैठक में विशेष रूप से शाबाशी दी गई।
विधायक कृपलानी के बाद सुभाष मील, कल्पना देवी, अर्जुन जीनगर और संजीव बेनीवाल सहित अन्य विधायकों की उपस्थिति का भी उल्लेख किया गया। पार्टी नेतृत्व ने सभी जनप्रतिनिधियों से भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय और जवाबदेह रहने का आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक अनुशासन, जनसेवा और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।