504
views
views
सीधा सवाल। राशमी । क्षेत्र के ग्राम पंचायत आरनी में रविवार को क्षेत्रीय विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने लाखों रुपयों के विकास कार्यो का लोकार्पण किया। नरसिंह द्वार परिसर में आयोजित समारोह में एक ही मंच से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जीनगर ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जीनगर ने कहा कि इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा गांव का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करें।
आरनी प्रशासक मनीष खटीक एवं मंडल उपाध्यक्ष राकेश नुवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मेला ग्राउंड के पास सार्वजनिक खुले बरामदे का निर्माण, नरसिंह द्वार एवं माली मोहल्ला में खुले बरामदे, श्मशान घाटों पर टीनशेड निर्माण, गोपालपुरा एवं उत्तमपुरा में श्मशान घाट विकास कार्य तथा मुख्य बस स्टैंड आरनी में सामुदायिक शौचालय निर्माण शामिल हैं। इस अवसर पर राशमी मंडल अध्यक्ष सुरेश जाट, पहुना मंडल अध्यक्ष नारायण लाल अहीर,कपासन ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिनेश पराशर,महामंत्री लालूराम वैष्णव, गणेश लाल पूर्वीया,मुकेश सुखवाल,पुरणमल शर्मा, कमलेश जागेटिया, प्रेम शंकर पारीक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश खटीक ने किया।