399
views
views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने रविवार सायंकाल शहर के विभिन्न सार्वजनिक उद्यानों का निरीक्षण कर आमजन से बातचीत के माध्यम से फीडबैक लेते हुए व्यवस्थाओ का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नेहरू गार्डन, शहीद पार्क, राजीव गांधी पार्क तथा गोल प्याऊ स्थित पद्मिनी गार्डन का दौरा कर वहां की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को उद्यानों में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, पेयजल एवं शौचालयों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नेहरू गार्डन में लंबे समय से बंद पड़ी बच्चों की ट्रेन को पुनः प्रारंभ कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिला कलक्टर ने उद्यानों में भ्रमण हेतु आए वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा पार्कों में लंबे समय से बंद पड़े फव्वारों को चालू करने एवं खराब पड़े झूलों की मरम्मत के निर्देश दिए। आमजन द्वारा मुख्यतः शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था से संबंधित समस्याएं अवगत कराई गईं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल, नगर परिषद आयुक्त कृष्णगोपाल माली, तहसीलदार विनीत चौधरी तथा यूआईटी के अधिकारी उपस्थित रहे।