views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। पोटला कलां क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से मानव मन की आध्यात्मिक ऊर्जा को जागृत करने के लिए 21 अप्रैल को “हरि-हर मिलन 2026” आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा। यह आयोजन वैशाख शुक्ल पंचमी, मंगलवार को पोटला कलां बस स्टैंड स्थित मंशापूर्ण धाम के महादेव की द्वितीय वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सांवरिया जी मंडफिया में गढ़ी के श्याम, राधा कृष्ण मंदिर स्थित महादेव की महाआरती से दोपहर 3 बजे संतों के सानिध्य में होगी। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर वासुदेव भवन स्थित विद्या निकेतन विद्यालय में ऊर्जावान मातृशक्ति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्व समाज सनातन धर्म आयोजन समिति ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां तय कीं।
समिति के अनुसार, कार्यक्रम के निमंत्रण के लिए मोहल्ला स्तर पर पीले चावल देकर पारंपरिक तरीके से आमंत्रण देने की पहल की जाएगी, ताकि पुरातन परंपराओं को जीवंत किया जा सके। वहीं, समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से पूजा अलर्ट ग्रुप भादसोड़ा द्वारा बालिकाओं का शस्त्र प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसमें सुरक्षा और आत्मरक्षा का संदेश दिया जाएगा।
शोभायात्रा में मातृशक्ति निर्धारित पोशाक में दलनायकों के नेतृत्व में पंक्तिबद्ध रूप से शामिल होगी, जो आकर्षण का केंद्र रहेगी। बैठक में बड़ी संख्या में हरि-हर भक्तों और महिलाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
आयोजन समिति ने बताया कि दायित्वों के अंतिम विभाजन और शोभायात्रा के अन्य आकर्षणों को लेकर जल्द ही अगली बैठक आयोजित की जाएगी।