views
सनवाड़ में पदभार ग्रहण समारोह आयोजित; समाज में संगठन मजबूती और एकता पर दिया गया जोर
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। मेवाड़ यादव समाज की विभिन्न समितियों में छोटीसादड़ी का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। फतहनगर क्षेत्र की सनवाड़ ग्राम पंचायत में आयोजित मेवाड़ यादव महापंचायत एवं मेवाड़ यादव समाज सामूहिक विवाह समिति के पदभार ग्रहण समारोह में छोटीसादड़ी के कई समाजजनों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें दो उपाध्यक्ष पद सहित चार लोगों को मंत्री स्तर की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम में मेवाड़ यादव महापंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोहनलाल यादव और मेवाड़ यादव समाज सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष करण सिंह यादव ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर मनोनयन किया तथा पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
नई नियुक्तियों के तहत छोटीसादड़ी निवासी अजय कुमार यादव को मेवाड़ यादव महापंचायत का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं यादव समाज विकास समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह यादव को मेवाड़ यादव समाज सामूहिक विवाह समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा उन्हें मेवाड़ यादव महापंचायत में संगठन मंत्री की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इसी क्रम में जगदीश प्रसाद यादव को संगठन मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई, जबकि राहुल यादव और अंगूर यादव को भी मेवाड़ यादव समाज सामूहिक विवाह समिति में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि समाज में संगठन को मजबूत करने, सामाजिक एकता बढ़ाने और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
समारोह में समाज के कई वरिष्ठजन और विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज हित से जुड़े मुद्दों और आने वाले समय में सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।