252
views
views
साइबर सेल और पुलिस थानों की संयुक्त कार्रवाई; सीईआईआर पोर्टल की मदद से ट्रैक हुए मोबाइल
सीधा सवाल। प्रतापगढ़। अक्सर मोबाइल गुम होने के बाद लोग उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन प्रतापगढ़ पुलिस की कार्रवाई ने कई लोगों को राहत दी है। जिले में साइबर सेल और पुलिस थानों की संयुक्त कार्रवाई के तहत **करीब 27 लाख रुपए कीमत के 121 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और थाना स्तर की टीमों ने मोबाइल ट्रैक कर बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की तकनीकी सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैक किया गया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद कर संबंधित लोगों को वापस सौंपे गए।
बरामद मोबाइलों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और संबंधित थानों में मोबाइल धारकों को बुलाकर सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन को राहत पहुंचाने और गुमशुदा सामान की बरामदगी को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत हुआ है।