views
10 वीं व 12 वीं के विधार्थीयों का किया सम्मान
सीधा सवाल। सांचौर(ओम पंवार बिश्नोई)। उपखंड क्षेत्र के परावा गांव स्थित श्री चान्द्रा माता चामुंडा माताजी मंदिर की 15वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के तहत रविवार रात्रि भव्य भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। माता के जयकारों एवं भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में रंग गया। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन कलाकार कुलदीप ओझा, शीतल वैष्णव, महेंद्र पटेल, लक्ष्मी जांगिड़ एवं रेखा सुथार डावल ने एक से बढ़कर एक भक्ति प्रस्तुतियां दी। कलाकारों ने देवी भजनों और धार्मिक गीतों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन अशोक शर्मा हाडेचा ने किया। वहीं लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। नृत्य कलाकार ताराचंद माली एवं कल्पित जोधपुर ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं भामाशाह रमेश कुमार जैन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को प्रोत्साहन स्वरूप सोने की अंगूठी भेंट की गई। इस पहल की ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क लक्की ड्रॉ का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता को सोने की चेन प्रदान की गई। इस आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, भोपाजी थानाराम माली, हंसगिरी महाराज, भवानी गिरी महाराज सहित कई संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।