483
views
views
चिकारड़ा सहित क्षेत्र में रातभर चला तूफान, बिजली व्यवस्था प्रभावित; ग्रामीणों को गर्मी से मिली राहत
सीधा सवाल। चिकारड़ा। नौतपा के दौरान शनिवार रात्रि को अचानक बदले मौसम ने चिकारड़ा सहित आसपास के क्षेत्र में जोरदार असर दिखाया। रात करीब 9 बजे शुरू हुई तेज आंधी और बारिश का दौर लगभग साढ़े 11 बजे तक जारी रहा। तेज हवा के झोंकों ने पेड़-पौधों को झकझोर कर रख दिया, वहीं बारिश की बड़ी-बड़ी बूंदों ने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत पहुंचाई।
तूफानी हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जबकि बिजली के तार आपस में उलझने और टूटने की घटनाएं भी सामने आईं। निंबाहेड़ा रोड स्थित एयरटेल टावर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर जम्पर टकराने से चिंगारियां निकलीं और नीचे गिरे तारों से पास पड़ी सूखी कड़बी में आग लग गई। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी जन-धन हानि टल गई।
वहीं चिकारड़ा के डूंगला रोड स्थित एक कुएं के पास ढीले बिजली तार टूट जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह करीब 7 बजे गुल हुई बिजली विभाग की टीम द्वारा मरम्मत कार्य के बाद लगभग 11 बजे बहाल की जा सकी। इस दौरान क्षेत्र में करीब चार घंटे तक बिजली बंद रही।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। रविवार सुबह चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी के मौसम की याद दिला दी। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और रात्रि का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नौतपा के बीच आई इस आंधी-बारिश से जहां जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, वहीं भीषण गर्मी से परेशान ग्रामीणों को राहत मिली। तापमान में आई गिरावट और ठंडी हवाओं के चलते लोगों के चेहरों पर संतोष और राहत साफ दिखाई दी।
