views
चित्तौड़गढ़। शहर के निकट स्थित बोदियाना गांव में रविवार रात दो गुटों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के बाद दोनों तरफ से पथराव हो गया। आरटीओ कार्यालय के निकट स्थित केबिन में भी आग लगा दी गई। मामले की सूचना मिलने के बाद चंदेरिया सहित आसपास के थानों से भी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। पुलिस के पहुंचने के बाद मौके पर शांति हो गई। इस संबंध में पुलिस ने दोनों गुट से शांति भंग के आरोप में एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही तरफ से परस्पर थाने में रिपोर्ट दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात एक युवक बाइक पर गांव से निकल रहा था। इसे दूसरे पक्ष के लोगों ने रोका और बाइक धीरे चलाने को कहा। इस दौरान में बोलचाल तथा मारपीट हो गई। इस पर बाइक सवार युवक के पक्ष के लोग भी आ गए और दोनों पक्षों की तरफ से पथराव होने लगा। हंगामा इतना बढ़ गया कि आरटीओ कार्यालय के पास स्थित एक केबिन में भी आग लगा दी गई। मामले की सूचना मिलने पर चंदेरिया थानाधिकारी अनिल जोशी के नेतृत्व में चंदेरिया पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची और उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। इस पर कोतवाली थाना, सदर थाना, बस्सी थाने के जाब्ता को भी मौके पर बुला लिया और पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस उप अधीक्षक दलपत सिंह भाटी भी मौके पर पहुंचे। इस संबंध में पुलिस ने प्रारंभिक रूप से करीब एक दर्जन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं दोनों पक्ष की ओर से पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है, जिस पर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।