views

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। जिले में चित्तौडग़ढ़-कपासन मार्ग पर चंदेरिया थाना इलाके में गुरुवार दोपहर नौ-मिल चौराहे पर एक मिनी बस और स्कॉर्पियों की आमने-सामने भिड़न्त हो गई। इस हादसे में एक दर्जन लोग घायल हो गए। एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे भटवाड़ा की ओर से आ रही मिनी बस मुख्य मार्ग पर पहुंची तभी कपासन की ओर से आ रही स्कॉर्पियों से उसकी भिडन्त हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। इस दौरान लोगों ने सवारियों को बाहर निकाला। इस घटना में स्कॉर्पियों का चालक बुरी तरह फंस गया, जिसे कार का कांच फोड़ कर बाहर निकाला गया। बाद में कपासन की 108 एंबूलेंस के जरिये चित्तौडग़ढ़ अस्पताल लाया गया। इस दुर्घटना में नारेला निवासी शांतिलाल खटीक को भर्ती कर लिया। पहुंना निवासी हिरी बाई सहित रावतभाटा निवासी आशा जायसवाल और सपना जायसवाल सहित अन्य को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। इन सभी को मामूली चोट आई है। घटना के बाद चंदेरिया पुलिस को सूचना दी गई और एएसआई महेन्द्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।