views

सीधा सवाल। भूपालसागर। मेवाड़ के ऐतिहासिक शंखेश्वर करेड़ा पार्श्वनाथ जैन तीर्थ पर 3000 वर्ष से अधिक प्राचीन, अद्भुत शिल्प सौंदर्य से परिपूर्ण श्री आदेश्वर महातीर्थ की अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव की शुभ शुरुआत हुई। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प.पू. आचार्य श्री निपुण रत्न सूरीश्वर जी म.सा. सहित साधु-साध्वी भगवंतों की पावन निश्रा में महोत्सव की मंगलकारी पत्रिका का विधिवत लेखन किया गया।
आदेश्वर जैन तीर्थ के बसंता देवी जारोली और उनके सुपुत्र कमलेश जारोली ने प्रथम पत्रिका श्री आदेश्वर तीर्थ राजपुरा को लिखी। इसके बाद करेड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ के मंत्री अनीश कोठारी ने करेड़ा पार्श्वनाथ भगवान को पत्रिका अर्पित की। इस शुभ अवसर पर कंकू, केसर, अक्षत, और वधामना से पत्रिका का विधिवत पूजन हुआ।
इस पत्रिका लेखन कार्यक्रम में मेवाड़ जैन श्वेतांबर महासभा के अभिषेक नाहर, सुनील बालर, महेश कुमार (चित्तौड़गढ़), जम्बू पोरवाल (बड़ी सादड़ी), दिनेश सेठ (दरीबा), ज्ञानचंद गोखरु (फतहनगर), और अन्य गांवों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया। साथ ही, महिला मंडल की सदस्यों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की।
आगामी 23 जनवरी को श्री आदेश्वर तीर्थ की मेवाड़ गौरव यात्रा भूपालसागर से आरंभ होकर अकोला, इंटाली, रूंदेड़ा, मेनार, खेरोदा, और भींडर होते हुए कानोड़ पहुंचेगी। यात्रा के दौरान गांव-गांव में प्रभु भक्ति के आयोजन होंगे। 21 जनवरी को उपधान तप के आराधकों और दीक्षार्थी जीतेन्द्र खिमेसरा के दीक्षा उपलक्ष्य में भव्य वरघोड़ा। 31 जनवरी को श्री आदेश्वर महातीर्थ में नूतन जिन बिंबों का मंगल प्रवेश। इसमें 1008 से अधिक कलश, रंगोलियां, तोरण द्वार, और सजाए गए हाथी-घोड़े शामिल होंगे।
स्थानीय जैन समाज के सदस्यों ने घर-घर पत्रिका और मंगल शुभकामना संदेश पहुंचाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। गुड़ और अष्टमंगल स्टिकर के साथ पत्रिका वितरण की शुरुआत हुई।