views

सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। नगर के श्यामजी की बगीची में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीनों मंडलों की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पश्चिम मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, सेवा सप्ताह कार्यक्रम के जिला सह सयोजक रामचंद्र माली एवं जिला परिषद सदस्य दलपत मीणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक अजीत दुग्गड़ ने बताया कि जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है, जिसके पीछे निस्वार्थ समर्पण, अथक परिश्रम और कार्यकर्ताओं के त्याग की लंबी यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि हमें उन समर्पित कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलना चाहिए जिनके बलिदान से यह विशाल संगठन खड़ा हुआ है। दो सीटों से आरंभ हुई यह यात्रा आज पूर्ण बहुमत की सरकार तक पहुँच चुकी है।
पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र माली ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के शीर्ष तक पहुँच सकता है। उन्होंने चाय बेचने वाले को प्रधानमंत्री बनाने के उदाहरण से यह सिद्ध किया कि पार्टी में कर्म और समर्पण का सर्वोच्च मूल्य है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने छोटी सादड़ी के उन कार्यकर्ताओं को याद किया जिनके परिश्रम और निष्ठा से आज भाजपा का संगठन यहां सशक्त रूप में सक्रिय है।
पूर्व जिला अध्यक्ष धनराज शर्मा ने संगठन की शक्ति और उसकी कार्य प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए सेवा सप्ताह के तहत चलाए जा रहे विविध कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सजगता और सहभागिता पर निर्भर करती है।
बैठक में आभार नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने व्यक्त किया। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।