views

सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल ने शुक्रवार को महिला अधिकारिता विभाग परिसर, चंदेरिया थाना के पीछे संचालित सखी वन स्टॉप सेन्टर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केस रजिस्टर एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया। इस मौके पर केन्द्र प्रभारी नीतू जोशी ने जानकारी दी कि किसी भी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिला को केन्द्र पर तत्काल आश्रय, परामर्श एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाती हैं। यहां जाति, धर्म, वर्ग, क्षेत्र, लैंगिक अभिविन्यास अथवा वैवाहिक स्थिति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।
पीड़िता को पाँच दिन तक आश्रय, भोजन, आवास एवं दैनिक आवश्यकताओं की सुविधा निःशुल्क दी जाती है। साथ ही, रिपोर्ट एवं बयान संबंधित थाना अधिकारियों द्वारा यहीं दर्ज किए जाते हैं। केन्द्र 24 घंटे, 365 दिन संचालित रहता है जहां परामर्शदाता, सुरक्षा कर्मी एवं हेल्पर सेवा देने को तत्पर रहते हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग राकेश तंवर, ममता तेली, सुमन सेन, ममता बैरवा, मयंक भटनागर, गायत्री राजोरा सहित अन्य मौजूद रहे।
महिलाएं 181 हेल्पलाइन नंबर, संबंधित थाना या सीधे 01472-294802 पर सम्पर्क कर केन्द्र की सेवाएं प्राप्त कर सकती हैं।