views

सीधा सवाल। बेगूं। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 ब्रह्मपुरी में श्री बड़ के बालाजी मंदिर पर गुरुवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति स्थापना हुई। इस दौरान वैदिक मंत्रों पर यजमानों द्वारा हवन में आहुतियां दी गई। जानकारी के अनुसार नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 ब्रह्मपुरी में नवीन स्कूल के सामने श्री बड़ के बालाजी मंदिर पर गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति स्थापना हुई। इस दौरान समूचा परिसर जय जय श्री राम, जय सियाराम के जयघोष से गूंज उठा। बताया गया कि श्री बड़ के बालाजी मंदिर पर मूर्ति स्थापना को लेकर धार्मिक अनुष्ठान 1 अक्टूबर बुधवार से शुरू हो गया था, जिसमें 1 अक्टूबर बुधवार को प्रातः 10.15 बजे बालाजी पूजन, प्रातः 11.15 बजे से हवन, बालाजी मूर्ति संस्कार एवं अभिषेक सायं 7.15 बजे आयोजित हुआ। इसी प्रकार 2 अक्टूबर गुरुवार को प्रातः 9.15 बजे से हवन व पूजन और दोपहर 12.15 बजे अभिजीत मुहूर्त में बालाजी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा व पूर्णाहुति कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इधर मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में बेगूं नगरपालिका अध्यक्षा रंजना शर्मा और गौतम लाड़ भी पहुंचे, जहां मंदिर विकास संस्थान द्वारा मंदिर की चारदीवारी और छत डलवाने की मांग की गई। इस पर पालिकाध्यक्ष रंजना शर्मा ने क्षेत्रीय सांसद सीपी जोशी और क्षेत्रीय विधायक डॉ सुरेश धाकड़ से वार्ता कर उक्त कार्य को करवाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।