357
views
views
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
सीधा सवाल। निंबाहेड़ा।
निंबाहेड़ा उपखण्ड की ग्राम पंचायत बाड़ी मुख्यालय पर शनिवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने अवलोकन किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, पशुपालकों एवं आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गिरदावर सर्किल स्तर पर विशेष ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बाड़ी में यह शिविर आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
शिविर में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, चिकित्सा, शिक्षा, उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा किसानों एवं आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर ही आवेदन भी प्राप्त किए गए। कई मामलों में विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल समाधान भी किया गया।
शिविर के दौरान विधायक श्रीचंद कृपलानी ने सभी विभागीय अधिकारियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए, जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
इस अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे। ग्राम उत्थान शिविर इसी सोच का परिणाम हैं, जहां किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही किया जा रहा है। अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीणों का विश्वास शासन-प्रशासन में और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सुशासन की पहचान है और इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
शिविर में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक, पुलिस उप अधीक्षक बद्रीलाल राव, बीसीएमएचओ डॉ. अनुराधा मीणा, तहसीलदार घनश्याम जरवार, पूर्व सरपंच बलवंत चपलोत, संजय चपलोत, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कैलाश जाट, लालचंद जाट, प्रहलाद तेली, बापूलाल जाट सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।