231
views
views
सीधा सवाल। बेगूं। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार रात्रि को बेगूं पंचायत समिति की मोतीपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ ही प्रतिभाओं एवं भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। जानकारी के अनुसार जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार रात्रि को बेगूं पंचायत समिति की मोतीपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर कार्यक्रम के दौरान दो भामाशाहों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। हॉकी व क्रिकेट के खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय में सात सीसीटीवी कैमरे एवं 10 पंखे लगवाने में सहयोग देने वाले भामाशाहों की सराहना की गई। ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों को 12 बापी पट्टों का वितरण भी किया गया। ग्राम पंचायत में आवेदन प्रस्तुत करते ही पात्र ग्रामीणों को हाथों-हाथ पट्टे प्रदान किए गए, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। रात्रि चौपाल के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा 20 से अधिक परिवाद प्रस्तुत किए गए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। खातेदारी भूमि पर रास्ता बंद करने संबंधी परिवाद पर जिला कलक्टर ने तहसीलदार एवं पटवारी को मौका मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एक परिवार के राजस्व संबंधी आपसी बंटवारे के मामले में भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। एक छात्र के विद्यालय अभिलेख में पिता के नाम में त्रुटि सुधार हेतु मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को बोर्ड स्तर पर संशोधन कराने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर रंजन ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की समस्या न हो तथा शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार गांव में घरों के पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन को हटाने के संबंध में प्राप्त आवेदन पर विद्युत विभाग के एक्सईएन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला परिषद के सीईओ विनय पाठक, उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, तहसीलदार गोपाललाल जीनगर, विकास अधिकारी सुरेशचंद्र गोस्वामी, नायब तहसीलदार विष्णुलाल यादव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा, सीएमएचओ ताराचंद गुप्ता, जल संसाधन विभाग के राजकुमार शर्मा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ग्राम स्तरीय प्रशासक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
चौपाल से पूर्व जिला कलेक्टर किया वार्षिक निरीक्षण
मोतीपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल में पहुंचने से पूर्व जिला कलक्टर आलोक रंजन द्वारा उपखण्ड कार्यालय, उप कोष कार्यालय बेगूं, पंचायत समिति बेगूं, उप कारागृह बेगूं का निरीक्षण किया गया। जिला कलेक्टर रंजन द्वारा उपखण्ड कार्यालय बेगूं में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई जिसमें न्यायालय में लंबित प्रकरणों का समय पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया एवं दैनिक जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों का समय पर निस्तारण हेतु निर्देशित किया ताकि आमजन के कार्य समय पर हो। इसके साथ ही उपखण्ड कार्यालय में करवाये जा रहे विकास कार्यों रंग–रोगन, कोर्ट रिनोवेशन एवं गार्डन निर्माण की प्रशंसा की गई। इसके बाद उपकोष कार्यालय बेगूं का निरीक्षण कर उप कोषाधिकारी बेगूं को विभाग द्वारा प्राप्त वेतन बिलों को समय पर निस्तारण हेतु निर्देशित किया एवं पीडी अकाउंट के बारे में जानकारी ली तथा सेवा अभिलेखों को समय पर अद्यतन हेतु निर्देशित किया। पंचायत समिति बेगूं के निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी पंचायत समिति बेगूं को नरेगा में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने एवं पीएम आवास, पेंशन संबंधी प्रकरणों का समय पर निस्तारण हेतु निर्देशित किया, साथ ही आमजन के कार्यों को समय पर निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उप कारागृह बेगूं के निरीक्षण के दौरान कारागृह में व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली साथ ही बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, विधिक सहायता उपलब्ध करवाने, जेल परिसर की साफ-सफाई एवं सरकारी क्वार्टर की मरम्मत हेतु निर्देशित किया।