567
views
views
सीधा सवाल। भूपालसागर।
गत दिनों दिल्ली के उत्तम नगर में होली के पर्व पर हुई तरुण बुटोलिया की नृशंस हत्या को लेकर मंगलवार को आम मेवाड़ खटीक समाज सेवा संस्थान (मातृकुण्डिया) के पदाधिकारियों ने आक्रोश प्रकट करते हुए तहसीलदार अपूर्व गौतम को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार के लिए न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई।
ज्ञापन के अनुसार, जयपुर निवासी 26 वर्षीय युवक तरुण बुटोलिया दिल्ली के उत्तम नगर (जे.जे. कॉलोनी) में रह रहा था। होली के दौरान एक रंग से भरा गुब्बारा किसी महिला पर गिरने की मामूली बात को लेकर कुछ असामाजिक तत्वों ने तरुण की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। समाज ने इस घटना को अत्यंत अमानवीय और कानून व्यवस्था पर कलंक बताया है। खटीक समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार से मांगें की हैं जिसमे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच करते हुए सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए। पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग के साथ
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
ज्ञापन में बताया गया कि इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार इतना डरा हुआ है कि उन्हें अपना घर छोड़ने तक का विचार करना पड़ रहा है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो समाज आगे की रणनीति तय करेगा। इस अवसर पर कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष शांतिलाल खटीक राशमी, लाभचंद खोईवाल कुंडीया, हीरालाल दायमा हरनाथपुरा, गिरधारी लसल कांकरवा, सोहनलाल निलोद, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजकुमार पहाड़िया, प्रकाश निलोद, कुकालाल निलोद, वालूराम निलोद, भगवान लाल कांकरवा, रूपलाल जोयडा, देवीलाल जोयडा, विजय आकोला, पूर्व पंचायत समिति सदस्य चमन लाल ताणा, ब्रजेश खटीक आकोला, पुष्कर आकोला , अश्विन आकोला, सोहनलाल ताणा, सहित समस्त खटीक समाज उपखंड भूपालसागर के कई गणमान्य सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।