views
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। धामनिया रोड स्थित श्री उदय पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने की खुशी में विद्यालय की ओर रविवार को छोटीसादड़ी में जुलूस निकालकर जश्न मनाया। जुलूस की शुरुआत गोविंदेश्वर महादेव मंदिर से हुई, जो ढोल-नगाड़ों के साथ गांधी चौराहा पहुंचा। यहां आतिशबाजी कर खुशी जताई और गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। गांधी चौराहे पर पूर्व जिला परिषद सदस्य घनश्याम आंजना के नेतृत्व में विद्यार्थियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए मिठाई बांटी।
विद्यालय की प्रिंसिपल सोफिया विलियम ने बताया कि आयुष पाटीदार ने 93.17 प्रतिशत, प्रियांशी शर्मा ने 93 प्रतिशत, अभि शर्मा ने 92.17 प्रतिशत और मनीष शर्मा ने 91.83 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के चेयरमैन रामप्रसाद शर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम केवल छात्रों की मेहनत ही नहीं, बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी प्रकार बेहतर परिणाम देने के लिए संस्था निरंतर प्रयासरत रहेगी।
इस दौरान घनश्याम आंजना, अरुण नहर, गोपाल पाटीदार, ताराचंद शर्मा, नटवर शर्मा, पवन शर्मा, राजू भाई शर्मा, हीरालाल कुमावत, प्रवीण शर्मा, अशोक कुमावत सहित विद्यालय के चेयरमैन रामप्रसाद शर्मा मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।