views
सीधा सवाल | निम्बाहेड़ा।
चित्तौड़गढ़ जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान पशु आहार की आड़ में कंटेनर से अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए कीमत का 5 क्विंटल से अधिक अवैध डोडा चूरा जब्त कर पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को भी जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के सुपरविजन एवं मार्गदर्शन में सदर निम्बाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा की टीम हाईवे स्थित वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान नीमच की तरफ से आ रहे महाराष्ट्र पासिंग एक कंटेनर को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार कंटेनर चालक पहले वाहन धीमा कर रुका, लेकिन बाद में अचानक नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। चालक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम को शक हुआ और तुरंत घेराबंदी कर कंटेनर को रुकवाया गया। इसके बाद जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें ऊपर की तरफ पशु आहार के कट्टे रखे मिले। पुलिस ने जब गहन जांच की तो पशु आहार की कवरिंग के नीचे छिपाकर रखे गए 25 कट्टों में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा मिला।
पुलिस ने मौके पर कट्टों का वजन करवाया तो कुल 502 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर डोडा चूरा सहित कंटेनर को जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से मध्यप्रदेश से पंजाब तक मादक पदार्थों की तस्करी करते आ रहे थे और पुलिस से बचने के लिए पशु आहार की आड़ लेकर खेप को सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें परमजीत सिंह पुत्र अजीत सिंह मजहबी सिख, उम्र 60 वर्ष निवासी जहोल राजूसिंह थाना तरणतारण सिटी जिला तरणतारण पंजाब तथा गुरप्रीत सिंह उर्फ काली पुत्र गुरुदीप सिंह मजहबी सिख, उम्र 45 वर्ष निवासी जहोल राजूसिंह थाना तरणतारण सिटी जिला तरणतारण पंजाब शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी मादक पदार्थ तस्करी के आदतन अपराधी हैं और पूछताछ में उन्होंने पूर्व में भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक कई बार बड़ी खेप पहुंचाने की बात स्वीकार की है।
थानाधिकारी संजय शर्मा की टीम द्वारा लगातार तीसरे दिन बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे पंजाब में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
ऐसे बनाई गई दबिश की रणनीति
पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान कंटेनर चालक की गतिविधियां सामान्य नहीं थीं। चालक ने पहले वाहन रोकने का प्रयास किया, फिर अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया और नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। इसी हरकत से पुलिस को शक गहरा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी और कुछ दूरी पर वाहन को रुकवा लिया। पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी भाग नहीं सके और मौके पर ही पकड़ लिए गए।
इस टीम ने निभाई अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई सदर निम्बाहेड़ा थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक सुरेश पालिवाल, सहायक उप निरीक्षक सुन्दरपाल, कांस्टेबल जीवनलाल, श्यामलाल, दयाराम, धर्मचंद, ओपीलालराम, शिवकुमार तथा चालक हवलदार महावीर सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।