168
views
views
खिलाड़ियों ने लिया जल बचाने का संकल्प, विधायक आक्या ने दिखाई हरी झंडी
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार 25 मई से 5 जून तक आयोजित किए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत रविवार प्रातः जिला प्रशासन एवं जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र, चित्तौड़गढ़ के संयुक्त तत्वावधान में इंदिरा गांधी स्टेडियम में वंदे गंगा साइकिल रैली एवं जल संरक्षण संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने खिलाड़ियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की महत्ता बताते हुए युवाओं से जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला खेल कार्यालय द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पूर्व उपसभापति भरत जागेटिया, एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र झंवर एवं मॉर्निंग क्लब अध्यक्ष गोपाल जाजू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
संकल्प समारोह के पश्चात विधायक आक्या ने हरी झंडी दिखाकर वंदे गंगा साइकिल रैली को रवाना किया। रैली इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर कलेक्टर चौराहा, कोतवाली मार्ग, अप्सरा टॉकीज चौराहा, सिटी पेट्रोल पंप, प्राइवेट बस स्टैंड चौराहा, नई पुलिया, नगर परिषद, कलेक्ट्रेट एवं शास्त्री नगर क्षेत्र से होते हुए पुनः इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
रैली के दौरान खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने आमजन को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से इसे जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक सोमेश त्यागी, कमल सिंह, तिलकेश टेलर, कैलाश तौतला तथा प्रशिक्षक रवी बैरागी, महावीर बंजारा, योगेन्द्र सिंह, मधुसूदन वर्मा, विजय सिंह झाला एवं जितेन्द्र नायक का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक पारस टेलर ने किया।