views
सीधा सवाल।बागोड़ा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों की श्रृंखला में शुक्रवार को बागोड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत रंगाला में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी लाखाराम, तहसीलदार रामलाल एवं विकास अधिकारी अंकित जीनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।शिविर में राजस्व, ग्रामीण विकास, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों ने भाग लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति, बिजली संबंधी शिकायतों एवं राजस्व मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया।ग्रामीण विकास विभाग की ओर से व्यक्तिगत शौचालय योजना के तहत 24 पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के क्षेत्र में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की उपलब्धि दर्ज की गई।प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के लाभार्थियों को प्रथम एवं तृतीय किस्त का भुगतान किया गया। वहीं 21 प्रधानमंत्री आवास योजना लाभार्थियों की तृतीय किस्त स्वीकृत करते हुए प्रत्येक लाभार्थी को 60 हजार रुपए की राशि जारी करने की कार्रवाई की गई।सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत पेंशनरों का सत्यापन भी किया गया। कई पेंशनरों की पेंशन का मौके पर ही सत्यापन एवं ई-केवाईसी कर लंबित मामलों का निस्तारण किया गया।अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी आरती सियाग, सीबीईओ भगवानाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।