views
सीधा सवाल। छोटीसादड़ी। महावीर इंटरनेशनल के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा सप्ताह के तहत सोमवार को मंशापूर्ण महादेव परिसर और आर्य समाज स्कूल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने 85 छायादार और फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
संस्था के सचिव लोकेश जायसवाल ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधरोपण के साथ पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें पेड़ बनाना भी सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने लगाए गए पौधों की संरक्षण और देखरेख का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में रीजन-7 के डिप्टी डायरेक्टर कांतिलाल दक, पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य अमृतलाल बंडी, केंद्र अध्यक्ष कैलाशगिरी गोस्वामी, सचिव लोकेश जायसवाल, सुरेश जिंदल, अरविंद नाहर, लोकेश रेगर, श्यामगिरी गोस्वामी, मंशापूर्ण महादेव पर्यावरण समिति के चंद्रप्रकाश साहू तथा आर्य समाज स्कूल के प्रधान लक्ष्मीनारायण चौहान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।