1512
views
views
सीधा सवाल। निम्बाहेड़ा। सदर थाना क्षेत्र के ग्राम रानीखेड़ा में मुखबीरी के संदेह को लेकर एक युवक के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। शनिवार को पुलिस जब आरोपियों को मौका तस्दीक के लिए गांव लेकर पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस के अनुसार पीड़ित विजेश कुमार तेली के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की गई, जिससे उसके हाथ, पैर, कमर और सिर पर गंभीर चोटें आईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को 'मिर्ची गैंग' का सदस्य बताकर क्षेत्र में भय और दबदबा कायम करने का प्रयास कर रहे थे। उन्हें संदेह था कि विजेश उनकी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देता है। इसी संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
घटना की लिखित रिपोर्ट परिजनों ने 10 जुलाई को सदर थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील वैष्णव, राहुल कुमावत और नितेश तेली को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को तीनों आरोपियों को पुलिस टीम गांव लेकर पहुंची, जहां ग्रामीणों की मौजूदगी में मौका तस्दीक की गई।
मामले की जांच कर रहे सदर थाना के एएसआई बाबूलाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
'मिर्ची गैंग' के नाम से दहशत फैलाने की कोशिश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं को 'मिर्ची गैंग' का सदस्य बताकर गांव और आसपास के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने तथा लोगों में भय का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे संगठित आपराधिक गतिविधियों की मंशा तो नहीं थी।
मौका तस्दीक के दौरान जमा हुए ग्रामीण
पुलिस जब गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मौका तस्दीक के लिए ग्राम रानीखेड़ा लेकर पहुंची तो घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।