views
सीधा सवाल। चित्तौड़गढ़। राजस्थान पंचायत राज शिक्षक संगठन के बैनर तले मंगलवार को तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण खोलने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। संगठन के प्रदेश मंत्री गिरिराज सिंह बरवाड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई वर्षों से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण बंद होने के कारण हजारों शिक्षक मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत रहने तथा घर-परिवार से दूर सेवा देने के कारण उनके बच्चों की शिक्षा और पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
इन मांगों को प्रमुखता से उठाया
संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से खोले जाएं। साथ ही पति - पत्नी, विधवा, दिव्यांग एवं गंभीर बीमारी से ग्रसित शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरण का लाभ दिया जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए।
आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश मंत्री गिरिराज सिंह बरवाड़ा ने कहा कि कई शिक्षक 10 से 15 वर्षों से एक ही स्थान पर सेवाएं दे रहे हैं। परिवार से दूर रहने के कारण उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से शीघ्र स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।