views
छोटीसादड़ी। राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र निर्माण के लिए चलाए जा रहे समर्पण निधि अभियान के तहत प्रतापगढ़ जिले में चार करोड़ 52 लाख पांच हजार नौ सौ उन्नीस रुपए का समर्पण प्राप्त हुआ। बीते डेढ़ माह से चल रहा समर्पण निधि का यह अभियान पूर्ण हो गया। अभियान के प्रभारी बाबूलाल गायरी ने बताया कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश में बीती 15 जनवरी से निधि संग्रहण अभियान की शुरुआत की गई थी जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके अनुषंगिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को समर्पण के लिए प्रेरित कर रहे थे। और उनके द्वारा किए गए समर्पण को राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र निर्माण के लिए भेज रहे थे। 27 फरवरी को इस अभियान का समापन हुआ। गायरी ने बताया कि डेढ़ माह तक चले इस अभियान के लिए 930 टोलियों का गठन किया गया था। जिन्होंने 742 गांव में 84952 परिवारों से संपर्क कर चार करोड़ 52 लाख 5 हजार नौ सौ उन्नीस रुपए का समर्पण एकत्रित किया। गायरी ने बताया कि साधु संतों के आशीर्वाद से शुरू हुए इस अभियान में समाज के हर तबके ने अपना सहयोग प्रदान किया। जात पात और राजनीति से ऊपर उठकर लोगों ने समर्पण किया। कई स्थानों पर छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साह दिखाते हुए अपनी गुल्लक तोड़कर समर्पण किया। अभियान के दौरान कई परिवारों द्वारा निधि समर्पण में लगे कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत भी किया। छोटीसादड़ी खंड कार्यवाहक संजय सेन ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान में खंड छोटीसादड़ी से 52 लाख 75 हजार 227 रुपए की राशि राम भक्तों द्वारा समर्पण की गई।