views

सीधा सवाल। निम्बाहेड़ा में 15 वर्षीय किशोर करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसका शरीर 80 फीसदी झुलस गया। किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। हादसा निंबाहेड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह 7 बजे हुआ।
किशोर की बहन लक्ष्मी ने बताया कि वो रेलवे स्टेशन पर मजदूरी करती है। माता-पिता के निधन के बाद वो अपने छोटे भाई विजय गुजराती निवासी मध्यप्रदेश नीमच की देखभाल कर रही है। सोमवार सुबह उसका भाई खेलते-खेलते रेलवे स्टेशन की डीपी पर चढ़ गया। डीपी चालू होने से उसे करंट लग गया। इस हादसे में किशोर का 80 प्रतिशत शरीर जल गया।
आसपास के लोगों ने रेलवे स्टेशन प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन ने तुरंत एंबुलेंस बुलवाई। घायल किशोर को पहले निम्बाहेड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।
