views
पालिकाध्यक्ष और ईओ द्वारा सत्संग भवन में टीन शेड की घोषणा
सीधा सवाल। बेगूं। नगर की ब्राह्मणी नदी के तट पर स्थित बड़ोदिया महादेव में स्थित रामायण मंडल सत्संग भवन में 53 वें नवरात्र महोत्सव के तहत प्रतिदिन संगीतमय रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रभु श्री राम की विभिन्न लीलाओं का मार्मिक वाचन किया जा रहा है। मानस मंडल सचिव सीए दीपक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीरामचरित मानस मंडल बेगूं द्वारा विगत 52 वर्षों से अनवरत संगीतमय रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत 53 वां नवरात्रि श्रीरामचरितमानस नवाह्र पारायण पाठ का आयोजन 22 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 7.15 बजे से किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में रामभक्त भाग ले रहे है। बताया गया कि मानस व्यास पंडित अजय शर्मा के मुखारविंद से संगीतमय रामायण पाठ में प्रतिदिन प्रभु श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का मार्मिक वाचन किया जा रहा है। इस वर्ष संगीतमय रामायण पाठ कार्यक्रम में श्रीराम नाम को लेकर बेगूं नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिसमें 1 करोड़ 51 लाख 51 हजार 500 श्रीराम नाम लेखन का संकल्प लिया गया है। इधर गुरुवार को संगीतमय रामायण पाठ का श्रवण करने नगर पालिका अध्यक्षा रंजना शर्मा, नगरपालिका ईओ विष्णुलाल यादव, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नारायण शर्मा भी पहुंचे, जहां श्रीरामचरित मानस मंडल बेगूं द्वारा नगर पालिका अध्यक्षा रंजना शर्मा, नगरपालिका ईओ विष्णुलाल यादव, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नारायण शर्मा का पगड़ी पहना कर एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान श्रीरामचरित मानस मंडल बेगूं द्वारा सत्संग भवन में बरसात से बचाव के लिए टीन शेड या सीसी छत डलवाने की मांग की गई, जिस पर पालिकाध्यक्षा शर्मा और ईओ यादव द्वारा मौके पर ही टीन शेड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्रीय विधायक से चर्चा कर छत डलवाने में भी हरसंभव सहायता की घोषणा की।