1050
views
views
सीधा सवाल। निंबाहेड़ा। उपखंड मुख्यालय पर संचालित सीमेंट निर्माता औद्योगिक इकाई वंडर सीमेंट के परिसर में एक बार फिर मौत का साया मंडराया है। इस परिसर में एक परिवार का इकलौता चिराग काल के गाल में समा गया है। इससे जहां एक परिवार में अंधेरा हो गया वहीं एक मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है। वही इस हादसे को लेकर देरी से सूचना देने का आरोप लगाते हुए गुस्साए ग्रामीणों ने चिकित्सालय परिसर में प्रदर्शन किया वही रास्ता जाम करने का प्रयास किया जिसे प्रशासन की समझाइश के बाद शांत किया गया। जानकारी के अनुसार लसडावन निवासी बंसीलाल मेघवाल वंडर सीमेंट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। जिसकी शनिवार को दोपहर में परिसर में ही मौत हो गई। मृतक के पिता शांतिलाल ने बताया की उसका पुत्र बंसीलाल वंडर सीमेंट में काम करता था जिसके साथ दुर्घटना घटित हो गई दोपहर एक बजे हुई घटना की जानकारी परिवार को शाम पांच बजे दी गई। अपने पुत्र को खोने वाले पिता ने वंडर सीमेंट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त करने लगे। मौके पर सदर थाना अधिकारी संजय शर्मा और कोतवाली थाना अधिकारी राम सुमेर लोगों से समझाइश करने के प्रयास जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक बंसीलाल की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है परिवार में उसके अतिरिक्त दो बहने हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की ओर से मृतक के स्थान पर उसकी पत्नी को नौकरी देने और एक करोड़ रुपए सीमेंट प्रबंधन द्वारा दिए जाने की मांग की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मृतक बंसीलाल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। इधर इस पूरे मामले में यदि ग्रामीणों के आरोप को सही माने तो दुर्घटना के चार घंटे बाद भी परिजनों को जानकारी नहीं देना और समाचार लिखे जाने तक हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आना पूरे मामले को गंभीर बना रहा है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक मौके पर ग्रामीण मौजूद थे और बातचीत का प्रयास किया जा रहा था।